रियासी। जलशक्ति विभाग में काम करने वाले अस्थायी कर्मचारियों ने सोमवार को कार्यालय का दरवाजा बंद कर एक्सईएन का घेराव किया। इस मौके पर नारेबाजी कर बकाया वेतन जारी करने की मांग की। सोमवार सुबह काफी संख्या में अस्थायी कर्मचारी कार्यालय परिसर में एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि 64 माह का बकाया वेतन नहीं दिया जा रहा है। वह जब भी बात करने को जाते है तो बाद में आने के लिए कहा जाता है। इस के साथ ही गत सितंबर माह के उन को 24 दिनों के पैसे का भुगतान किया है और अन्य दिन का वेतन काट दिया है। इस बारे में कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है।
सोमवार को जब कुछ कर्मचारी एक्सईएन से बात करने को पहुंचे तो उन्होंने सही ढंग से बात नहीं हो पाने से वह भड़क गए। उन्होंने अधिकारी के कार्यालय का मुख्य दरवाजा बंद कर घेराव किया। वहीं, नारेबाजी कर रोष जताया। कर्मचारियों ने कहा कि उन को स्थायी करने वाली फाइल भी प्रशासन के पास पड़ी है, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। बाद में मौके पर पहुंचे एसएचओ सुमित शर्मा ने गुस्साए कर्मचारियों को शांत कर दरवाजे को खोला। एक्सईएन अशोक गुप्ता बताया कि उन्हें जिस हिसाब से फंडस रिलीज हुए थे उसी तरीके से बांटे गए हैं। बकाया वेतन के लिए वह उच्चाधिकारियों को लिखेंगे। कर्मचारियों ने कहा कि अब गुमराह किया गया तो वह सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएंगे।