जम्मू। सिद्दड़ा में बिजली कटौती के विरोध में लोगों ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया। इससे दो घंटे वाहन फंसे रहे। प्रदर्शनकारियों ने एंबुलेंस को भी नहीं जाने दिया। बुधवार सुबह सवा नौ बजे स्थानीय लोग हाईवे पर इकट्ठा हुए और बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। रोड के दोनों तरफ पत्थर लगाकर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी। पुलिस, सेना और बिजली निगम अधिकारियों के आश्वासन पर सुबह 11 बजे रास्ता खोला।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बीते दस दिन से रोजाना दो घंटे ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। इस कारण उमस से बेहाल हो रहे हैं। सिद्दड़ा में अधिकांश लोग दूध का व्यापार करते हैं। फ्रीजर नहीं चलने से दूध खराब हो रहा है। निगम अधिकारियों को कई बार समस्या बताई, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा। कम क्षमता के ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहे हैं, अब बरसात में ट्रांसफार्मर बदलने का काम शुरू किया है, वह भी पूरा नहीं हो रहा।
------
इलाके में अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। लगातार ट्रांसफार्मर खराब हो रहे हैं। अब मजबूरन लोगों को प्रदर्शन करना पड़ रहा है। बिजली निगम के अधिकारियों ने समस्या हल करने का आश्वासन दिया है, जल्द समस्या हल नहीं हुई तो संघर्ष तेज कर देंगे।
- शामा अख्तर, पार्षद, वार्ड-71
-----
- सिद्दड़ा में बिजली समस्या को लेकर लोगों ने सुबह प्रदर्शन किया। समस्या हल करवाने के लिए बिजली निगम के अधिकारियों से बात करवाई गई। इसके बाद प्रदर्शनकारी रोड से हटे, करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा है।
- क्रीति, एसएचओ, बाग-ए बाहु
------
जम्मू शहर में कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर बदले जा रहे हैं, इनकी जगह अधिक क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने का काम पूरा होते ही लोगों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जाएगी।
एमडी गुरमीत सिंह, बिजली निगम, जम्मू
-----
शहर के कई इलाकों में
बिजली कटौती जारी
जम्मू। शहर में बिजली कटौती से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। बिजली ढांचा कमजोर होने से समस्या आ रही है। जम्मू शहर में बिजली ढांचा 11 सौ मेगा वोल्ट एंपीयर (एमवीए) लोड ही उठा पाता है। इससे अधिक लोड बढ़ने से बिजली गुल हो जाती है। बुधवार को भी पुराने शहर, बख्शी नगर, बस स्टैंड, सिद्दड़ा, नरवाल, बटिंडी और आसपास इलाकों में बिजली कटौती जारी रही। कुछ जगहों में विद्युत लाइनों का मरम्मत कार्य भी चला। इस कारण भी परेशानी हुई है।