पुंछ। प्रधानमंत्री जी एक बार सेना को पाकिस्तान में घुसने के आदेश दो, हम भी सेना के साथ उस पार जाकर आतंकियों के आकाओं को सबक सिखा आएंगे।
ऐसे स्वर बुधवार को पुंछ जिला मुख्यालय में सुनने को मिले। जब पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में नगर में रोष रैली निकाली गई। इसमें हिंदू, मुसलिम, सिख व ईसाई समुदायाें के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।
पुंछ बस अड्डे से दोपहर बाद शुरू हुई इस रोष रैली में लोग जमकर पाकिस्तान, पाक सेना, आईएसआई और आतंकवाद के साथ ही देश में छुपे गद्दारों के खिलाफ नारे लगाते हुए चल रहे थे। इस दौरान रौनिक शर्मा, निशु गुप्ता, क्षेत्रपाल, गुलजार अहमद, बलबीर सिंह, प्रदीप कुमार, इफि्तखार बज्मी, लोकेश कुमार, जुगल किशोर, शफीक हुसैन, जब्बार अहमद, अमरीश कुमार, सुरजन सिंह, संजीव कुमार और एडवोकेट संजय रैना आदि का कहना था कि हम प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह करते हैं कि अब वह भारतीय सेना को पाकिस्तान में घुस कर पहलगाम हमले का बदला लेने के आदेश दें।