रियासी से पौनी शिवखोड़ी जाने वाले मार्ग पर प्रदर्शन करते लोग।
- चौराहों पर युवाओं ने टायर जलाकर रोष जताया, श्रीनगर जाने वाली दो गाड़ियों को रोका
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। जिला रियासी में बुधवार को बंद का व्यापक असर दिखा। हिंदू संगठनों ने स्थानीय जनाना पार्क से रोष रैली निकाली जो नगर के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरी। इस दौरान पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर युवाओं में काफी रोष दिखा।
पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए लोगों ने केंद्र सरकार से जवाबी कार्रवाई करने की मांग की। रोष रैली ऋषि चौक तक गई, जहां सनातन धर्म सभा के प्रधान बृज मोहन शर्मा, विश्व हिंदू परिषद के निशांत मगोत्रा व विनोद शर्मा ने संबोधित किया। सभी ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। रैली में बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ अगार बल्लियां, माड़ी, ग्रा मोड़, गीता नगर, सिला से आए युवा भी शामिल हुए।
इससे पहले जिला मुख्यालय की तरफ आने वाले सभी चौराहों पर युवाओं ने टायर जलाकर अपना रोष जताया। सभी दुकानें और यात्री वाहनों की आवाजाही बंद रही। प्रदर्शन स्थलों से सिर्फ आपातकालीन स्थिति के लिए जाने वाले वाहनों को ही गुजरने दिया गया। दोपहर को ऋषि चौक में प्रदर्शनकारियों ने श्रीनगर जाने वाली दो टवेरा गाड़ियों को रोक दिया।इस दौरान चालकों और युवाओं में बहस भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने दोनों वाहनों की चाबियां जब्त कर लीं। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी वाहन कब्जे में लेने के बाद चालकों व यात्रियों को पुलिस स्टेशन ले गए।
जिले के अरनास,कौड़ी,जुड्डा,सलाल में भी प्रदर्शन हुए। पहलगाम में पर्यटकों की हत्या को लेकर लोगों में उबाल देखने को मिला। सभी सरकारी व प्राइवेट शिक्षण संस्थान बंद रहे।