जम्मू। शहर में बिजली-पानी की आपूर्ति सही ढंग से नहीं होने पर लोगों के सब्र का बांध टूटने लगा है। मंगलवार को बाहु फोर्ट इलाके में लोगों खाली बर्तन लेकर सड़क जाम कर व विभागों के खिलाफ प्रदर्शन बिजली और पानी की सुचारु आपूर्ति की मांग उठाई है। प्रदर्शन में महिलाएं और बच्चे तक शामिल रहे।
आक्रोशित लोगों ने कहा कि गर्मी के मौसम में न तो बिजली मिल रही है और न ही पानी आ रहा है। कई-कई दिनों तक पानी की आपूर्ति नहीं होती है। कई दिनों के बाद कुछ मिनट के लिए पानी दिया जाता है, जिससे जरूरतों को पूरा करने मुश्किल है। बिजली की भी वैसी ही हालत है। गर्मी के कारण छोटे बच्चों और बुजुर्गों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रातें जाग कर गुजारनी पड़ रही हैं। महिलाओं ने कहा कि दिनभर में मात्र आधे घंटे के लिए पानी आता है। यह समस्या कई दिन से पेश आ रही है। लोगों ने एक घंटे तक बाहु फोर्ट में सड़क बंद कर प्रदर्शन किया। बाद में विभागीय अधिकारी ने मौके पर पहुंच कर आश्वासन दिया है। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।