जम्मू। एनएचएम कर्मचारियों ने सेवाएं समाप्त के विरोध में वीरवार को महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा के पास प्रदर्शन कर फैसले का विरोध किया। वहीं, नारेबाजी कर फिर से सेवाएं बहाल करने की मांग उठाई है। वहीं, जल्द सुध नहीं लेने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान उन्होंने जान जोखिम में डालकर सेवाएं दीं, लेकिन अब उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन स्थल से हटाया, जिस पर कर्मचारियों ने कड़ी नाराजगी जताई। कर्मियों ने कहा कि हम सरकार की उपेक्षा के शिकार हैं। सरकार ने हमारा प्रयोग कर भगवान भरोसे छोड़ दिया है। जब जरूरत थी तो फूल मालाएं पहना कर स्वागत किया जाता था, लेकिन अब जरूरत खत्म होते ही सरकार ने पल्ला झाड़ लिया है। प्रदेश में बेरोजगारी का स्तर लगातार बढ़ रहा है। सरकार युवाओं को रोजगार देने की बजाय बेरोजगार कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द सरकार ने सुध नहीं ली तो उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।