भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते बीएसएफ भर्ती के अभ्यर्थी।
- फोटो : SHRINAGAR
जम्मू। बीएसएफ कांस्टेबल भर्ती में धांधली का आरोप लगाते हुए अभ्यर्थियों ने दूसरे दिन त्रिकुटा नगर में भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को कार्यालय के भीतर जाने से रोकने की कोशिश की। मामूली धक्का-मुक्की के बाद मामला बिगड़ता देख पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे युवाओं को हिरासत में लेकर थाने में बंद कर दिया, जिन्हें शाम को छोड़ा गया।
वीरवार दोपहर 12 बजे युवा भाजपा मुख्यालय का घेराव करने पहुुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। युवाओं का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें भाजपा मुख्यालय जाने से रोका। 100 से अधिक युवाओं को हिरासत में लेकर थाने में बंद कर दिया। वे मांगों से संबंधित अपना ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। आरोप है कि सरकार ने डीडीसी चुनाव के दौरान बीएसएफ भर्ती में पद बढ़ाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक पद नहीं बढ़ाए गए हैं। पुलिस भी उनके साथ बदसलूकी कर रही है।
उधर, त्रिकुटा नगर पुलिस थाने के प्रभारी दीपक पठानियां ने कहा कि प्रदर्शनकारी युवा भाजपा मुख्यालय जाने की जिद्द पर अड़े थे। मामला बिगड़ता देख पुलिस वाहन मंगवाकर युवाओं को हिरासत में लिया गया। हालांकि शाम को सभी युवाओं को रिहा कर दिया गया। प्रदर्शन में नेतृत्व करने वाले कुछ युवाओं के नाम पुलिस ने व्यक्तिगत रूप से दर्ज किए हैं।