जम्मू। शहर में ट्रांसफार्मर, खंभे और बिजली के तार बदलने का काम अब दो कंपनियां देखेंगी। छह माह में 800 ट्रांसफार्मर लगाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले इरकॉन कंपनी को काम सौंपा गया था, लेकिन घटिया गुणवत्ता के उपकरण प्रयोग करने पर पेमेंट रोक दी गई, जिससे कंपनी ने 2018 में अपना काम समेट लिया। इसके बाद 2020 में एलएमटी कंपनी ने काम संभाला। अब काम में तेजी लाने के लिए कैपिटल कंपनी को भी जोड़ा गया है।
बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार आधे शहर में एलएमटी और शेष बचे इलाकों में कैपिटल कंपनी काम देखेगी। इससे काम तेजी से होगा। ट्रांसफार्मर लगाने के लिए एक साल का समय निर्धारित किया गया है। दोनों कंपनियां सही तरीके से काम करती हैं तो छह माह में काम पूरा होने की संभावना है। मौजूदा समय में बिजली ढांचा काफी कमजोर है। गर्मी के दिनों में कमजोर ढांचा आफत बन जाता है। बिजली लोड बढ़ते ही ट्रांसफार्मर जल जाते हैं। इस कारण घंटों बिजली गुल रहती है, लेकिन अब ट्रांसफार्मर और बिजली के तार ठीक करने का काम तेज गति से चलेगा। बिजली निगम कंपनियों द्वारा करवाए जा रहे काम की राशि का भुगतान भी समय पर करेगा। शहर में बिजली के तार ढीले हैं। तेज हवा चलने पर भी घंटाें बत्ती गुल रहती है। कंडक्टर भी बदले नहीं गए हैं। इस कारण भी बिजली आपूर्ति बार-बार ठप हो जाती है।
------
एलएमटी के साथ अब कैपिटल कंपनी भी शहर में ट्रांसफार्मर बदलने काम संभालेगी। छह माह के अंदर काम पूरा करने का लक्ष्य है। ज्यादा क्षमता के ट्रांसफार्मर शहर में लगाए जा रहे हैं। लोगों को बेहतर सुविधा दी जाएगी।
- पीडी सिंह, एक्सईएन, बिजली निगम, जम्मू