जम्मू। रहबर-ए-खेल शिक्षकों (फीजिकल एजूकेशन) ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर राजभवन तक रैली निकालने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उनको रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई।
नारेबाजी करते हुए खेल शिक्षकों ने मांग की कि अन्य राज्यों की तर्ज पर उनका प्रोवेशन पीरियड दो साल का किया जाए और वेतन बढ़ाया जाए। यूनियन के पदाधिकारी धीरज सलारिया ने कहा कि वे लोग मांगें पूरी करने के लिए प्रशासन से कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा। प्रदर्शनकारियों में शामिल आदिल ने बताया कि वह रोजाना 40 रुपये खर्च करके स्कूल पहुंचते हैं और उन्हें एक दिन के केवल 100 रुपये ही मेहनताना मिलता है, इससे घर का खर्च तक नहीं निकाल पाते। शिक्षकों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से गुहार लगाई कि जल्द उनकी मांगें पूरी की जाएं। चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर संघर्ष तेज कर देंगे। इस दौरान जम्मू बेस्ट असेंबली मूवमेंट के अध्यक्ष सुनील डिंपल भी शिक्षकों के समर्थन में पहुंचे।