जम्मू। कांग्रेस पार्टी की तरफ से शहीदी चौक स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर किसान आंदोलन के समर्थन में एकजुटता व्यक्त करने के लिए विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता रमन भल्ला ने कहा कहा कि केंद्र सरकार ने सत्ता में आने से पहले किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन सिर्फ पूंजीपतियों की आय दोगुनी की है। केंद्र सरकार ने किसानों पर तीन कानून थोप दिए हैं, जिस कारण किसान सड़कों पर संघर्ष करने के लिए मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की तरफ से मन की बात कार्यक्रम में कहा गया है कि सरकार ने जो कानून लागू किए हैं वह सही हैं, मगर मौजूदा समय में करीब 62 लाख किसान सड़कों पर हैं। केंद्र सरकार पूंजीपतियों के लिए सभी काम कर रही है और अन्नदाता के खिलाफ कड़े कानून ला रही है। किसानों के सड़कों पर आने के बावजूद सरकार की नींद नहीं टूट रही है।
प्रदेश कांग्रेस पार्टी के महासचिव योगेश सहानी ने कहा है कि सरकार ने जो कानून लागू किए हैं वह किसानों के विरोध में हैं। यह कानून कॉरपोरेट क्षेत्र के लोगों और बड़े पूंजीपतियों को किसानों का शोषण करने के लिए आजादी देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों का समर्थन करती रहेगी जब तक केंद्र सरकार कानूनों को वापस नहीं लेती। इस मौके पर मनमोहन सिंह, गुरदर्शन सिंह, संजीव शर्मा, रमाकांत खजूरिया, पवन देव सिंह, विजय मल्होत्रा, राजेश सिंह, सोबत अली, चंद्र शेखर शर्मा, अतुल शर्मा, माइकल वजीर, राकेश शर्मा, सुरेंद्र डोगरा, यशपॉल संगराल, मंजीत सिंह, सचिन वर्मा, जेजे सिंह, जसबीर सिंह, सोमनाथ डोगरा आदि मौजूद रहे।