बिजली कटौती की समस्या को लेकर प्रदर्शन करते तोप नीलम कॉलोनी के लोग।
जम्मू। शहर में बिजली कटौती के खिलाफ रविवार को टोप नीलम कॉलोनी के लोगों ने यंग पैंथर्स के नेतृत्व में हल्ला बोल दिया। लोगों ने बिजली विभाग (पीडीडी) के खिलाफ प्रदर्शन कर भड़ास निकाली। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गर्मी में लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। गर्मी का मौसम शुरू होने के साथ ही नियमित बिजली आपूर्ति सपने जैसा हो गया है। सीनियर यंग पैंथर प्रताप सिंह जम्वाल ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों से शहर के साथ-साथ टोप नीलम कॉलोनी में बिजली आपूर्ति लगातार प्रभावित हो रही है। इससे पानी की सप्लाई भी बाधित हो रही है।
उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों पर भेदभाव का आरोप लगाया, कहा कि कुछ क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से लंबी कटौती की जा रही है। गर्मी में लंबे पावर कट लगने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है, बावजूद इसके विभाग समस्या का हल नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार ने बिजली उत्पादन के बड़-बड़े दावे करती है, लेकिन अभी तक प्रदेश में बिजली आपूर्ति की स्थिति ठीक नहीं हो पाई है। स्थानीय नगर सेवक राजिंदर सिंह भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इन दिनों जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच रहा है तो विभाग अपनी नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफल रहा है। लोगों ने जल्द विभाग से समस्या हल करने की मांग की है। चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संघर्ष तेज कर देेंगे। प्रदर्शन में दीक्षित शर्मा ने भानु प्रताप सिंह गोरिया, अध्यक्ष जम्मू पश्चिम वाईपी, अरुण मेहरा उपाध्यक्ष वाईपी, ओमप्रकाश, ललित, वरुण, मानव देविंदर आदि मौजूद थे।