जम्मू। शहर में इरकॉन के बाद एलएंडटी कंपनी भी बिजली विभाग के काम को बीच में छोड़कर चली गई है। इससे कई प्रोजेक्ट अधर में लटक गए हैं। हालांकि विभाग अपने स्तर पर प्रोजेक्टों पर काम करवा रहा है, लेकिन कर्मचारियों की कमी के कारण काम तेजी से नहीं हो पा रहा।
पहले इरकॉन कंपनी ने शहर में ट्रांसफार्मर बदलने के साथ अन्य काम करने का जिम्मा लिया था। इसमें खंभों पर केबल बिछाने, कंडक्टर लगाने आदि कार्यों को शुरू किया, लेकिन कंपनी के काम पर सवाल उठाए गए। इससे मई, 2019 में कंपनी ने काम छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि कंपनी को पैसों का भुगतान भी पूरा नहीं हो रहा था। इस कारण भी कंपनी काम नहीं करवा पाई। इसके बाद एलएनटी कंपनी को काम दिया गया। यह कंपनी भी फरवरी, 2020 के मध्य काम छोड़कर चली गई। इससे फिर से शहर के कई प्रोजेक्टों पर काम रुक गया है। हालांकि कंपनियों से संपर्क किया गया, लेकिन दोबारा इन्होंने काम के लिए हामी नहीं भरी। कंपनियों के माध्यम से ट्रांसफार्मर लगाने का काम भी पूरा नहीं हो पाया। इससे अब शहरवासी बिजली कटौती का सामना कर रहे हैं। पीडीडी अब तीसरी कंपनी की तलाश कर रहा है। कंपनी मिलने के बाद काम आवंटित किया जाएगा।
-------------------
शहर में केबल बिछाने और ट्रांसफार्मर लगाने के लिए काम किया जा रहा है, लेकिन दो कंपनियां बीच में काम छोड़ चुकी हैं। अब तीसरी कंपनी का चयन किया जा रहा है। पूरे शहर में बिजली केबल बिछाई जानी है। साथ ही अन्य काम भी किए जाने हैं। जल्द ही नई कंपनी को काम सौंपा जाएगा।
रतनेश पूरी, एईई, पीडीडी, जम्मू।