आरएस पुरा। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारियों ने मांगों को लेकर आठवें दिन भी काम छोड़ हड़ताल जारी रखी। म्यूनिसिपल कमेटी आरएस पुरा के कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। वहीं हड़ताल के चलते कस्बे में गंदगी बढ़ती जा रही है। लोग परेशान हो रहे हैं।
संघ के प्रधान थॉमस गिल, चेयरमैन अशोक मसीह, उप प्रधान विनय विश्वकर्मा आदि ने कहा कि वह पिछले लंबे समय से मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। सफाई कर्मचारी पिछले सात सालों से अस्थाई तौर पर कार्य कर रहे हैं। उन्हें स्थायी करने के साथ वेतन विसंगति भी दूर की जाए। एसआरओ 43 के तहत लंबित पड़े मामलों का समाधान किया जाए।