जम्मू। शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं। चोरों का दुस्साहस इतना है कि जिला जेल के पीछे ओल्ड रिहाड़ी में रविवार रात एक साथ चार जगह चोरियां की। शातिरों ने दो घरों में सेंधमारी की और एक दुकान के ताले तोड़े। स्कूटी भी ले गए। हालांकि दुकान में सामान ले जाने की कोशिश नाकाम रही। शातिरों ने पुलिस इसकी भनक तक नहीं लगने दी। पुलिस के पास इसकी शिकायत की गई है।
जानकारी के अनुसार ओल्ड रिहाड़ी में चोरों ने दो घरों में सेंध लगाकर हजारों रुपये की नकदी और सामान चुरा लिया। इसके अलावा एक स्कूटी को चुरा लिया। एक किराने की दुकान के ताले तोड़कर चोरी की कोशिश की लेकिन सामान नहीं ले जा सके। सोमवार को जब मकान मालिक घर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था। अंदर गए तो गैस सिलिंडर और अन्य सामान चोरी हो गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर सबूत जुटाकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।