ज्यौड़ियां। छंब विधानसभा क्षेत्र की तहसील खडाहबली के कंडी क्षेत्र के लोगों को जल संकट से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के गांव ठंडीचोई के लोगों ने वीरवार को गांव के ट्यूबवेल पर पहुंच कर जलशक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। समाजसेवी वेदप्रकाश शर्मा व अन्य लोगों ने बताया कि क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ रही है और हमें पीने के लिये पानी भी नहीं मिल रहा है। पानी के लिये हाहाकार मच हुआ है। विभाग का कोई भी अधिकारी हमारी परेशानी को हल नहीं कर पा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर एक दो दिन के भीतर हमारी समस्या का हल नहीं किया गया तो खौड़ में एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
वहीं तहसील खड़ाहबली पंचायत नाथल के गांव पलाहट में पिछले कई महीनों से पानी की सप्लाई बंद हैं। इसके अलावा क्षेत्र के अन्य गांवों नाथल, ग्लाबा, बल्ली आदि में दो तीन हफ्ते से पानी नहीं आया है। पूर्व सरपंच राजकुमार सहित रतन लाल, काबलु राम, रोमेश लाल, बंसीलाल, कुंती देवी, गयानो देवी, तारो देवी, सुमन शर्मा आदि ने बताया कि हम लोग तालाब का गंदा पानी पीने के लिए मजबूर हैं। गांव में पानी की सप्लाई पिछले कई महीनों से बंद है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति करने वाला ट्यूबवेल पिछले एक महीने से काम नहीं कर रहा, जिससे डोरी, डगेर, नथल, बल्ली, पलाहट जैसे गांवों में पानी की समस्या बनी हुई है। लोगों को टैंकरों के सहारे रोजमर्रा के काम निपटाने पड़ रहे हैं।