पेट्रोल-टीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ शिव सेना का प्रदर्शन
डोगार चौक पर लोगों को महंगाई वारियर्स के टैग से किया सम्मानित
जम्मू। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ शिव सेना बाल ठाकरे ने शनिवार को डोगरा चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान वाहन चालकों को महंगाई वारियर्स के टैग से सम्मानित किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष मनीश साहनी ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें इतिहास रच रही हैं। प्रदेश में पेट्रोल भी 100 क्लब में शामिल हो गया है। बेरोजगार युवा रोजगार की तलाश में दरबदर भटक रहे हैं। हर चीज की कीमतें आसमान छू रही हैं। भाजपा के अच्छे दिन नहीं आ रहे हैं, जबकि लोगों को हर रोज आश्वासन दिया जाता है कि रोजगार के रास्ते खुल जाएंगे, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
साहनी ने बताया कि इस मामले में सरकार पूरी तरह से नाकामयाब साबित हुई है। 2015 में पेट्रोल की कीमत 61.6 रुपये थी, लेकिन 2021 में 100 रुपये हो गई है। इसके अलावा एलपीजी, अनाज, सब्जियां इत्यादि चीजों में बेतहाशा बढ़ोतरी होने से आम लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं। वहीं कोरोना महमारी के चलते लोग आर्थिक रूप से कमजोर हो गए हैं। लोगों के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार को चेतावनी दी कि जल्द महंगाई पर काबू पाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं, नहीं तो उग्र प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर महिला विंग की अध्य़क्ष मिनाक्षी छिब्बर, महासचिव विकास बख्शी, सचिव प्रवीण गुप्ता, युवा नेता बिन्नी महाजन समेत अन्य भी उपस्थित रहे। संवाद