महेश पुरा चौक में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को रोकती पुलिस।
- फोटो : SHRINAGAR
जम्मू। महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है। वीरवार को भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सचिवालय का घेराव करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान कांग्रेसियों की पुलिस के साथ धक्कामुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने महेशपुरा चौक में खाली सिलिंडर रख और थालियां बजाकर नारेबाजी की।
पार्टी के वरिष्ठ नेता रमण भल्ला ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी से आम आदमी बेहाल है। तेल की कीमतें बढ़ने से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। सरकार आम लोगों को कर लगाकर लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। मोदी सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है। पार्टी नेता मनमोहन सिंह ने कहा कि महंगाई में लोग खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं। भाजपा ने विकास के नाम पर जनता को महंगाई और बेरोजगारी की आग में झोंक दिया है। हरि सिंह चिब ने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी से हर जगह समस्याएं खड़ी हो गई हैं। भाजपा को आम जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। प्रदर्शन में एनएसयूआई प्रधान सन्नी परिहार, रजनीश शर्मा, गुरदर्शन सिंह के अलावा पार्षद द्वारका चौधरी, रितू चौधरी, भानू महाजन, सोबत अली आदि शामिल रहे।