भाजपा मुख्यालय त्रिकुटा नगर के बाहर प्रदर्शनकारी युवाओं को रोकती पुलिस। ।
- फोटो : SHRINAGAR
जम्मू। बीएसएफ और सीआईएसएफ भर्ती में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते त्रिकुटा नगर में प्रदेश भाजपा मुख्यालय का देर शाम को घेराव कर दिया। अभ्यर्थियों ने काफी देर तक नारेबाजी की और निष्पक्ष जांच करने की मांग की।
अभ्यर्थियों ने मांग की कि भर्ती को नए सिरे से करवाया जाए। आरोप है कि ऐसे अभ्यर्थी जिनके मेरिट में ज्यादा नंबर आए थे, इनको भर्ती नहीं किया गया, जबकि जिनके कम अंक आए हैं, उन्हें नौकरी दी गई। अभ्यर्थी काफी दिनों से भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर न्याय की मांग कर रहे हैं। शुक्रवार को भी अभ्यर्थियों ने नारेबाजी कर इंसाफ मांगा। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। जैसे ही अभ्यर्थियों ने कार्यालय का घेराव करना शुरू किया तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। बाद में भाजपा अध्यक्ष रवींद्र रैना मौके पर पहुंचे और अभ्यर्थियों को निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।