अखनूर के चौकी चौहरा में विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग। अमर उजाला
- फोटो : RSPURA
अखनूर। उपजिला चौकी चौहरा के वार्ड एक में कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कम वोल्टेज के कारण लोगों के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया।
पंच सिंकदर सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। वहीं, अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग उठाई। पंच ने कहा कि कई माह से वार्ड में कम वोल्टेज की समस्या व्याप्त है। बिजली के उपकरण शोपीश बने हुए हैं। उमसभरी गर्मी में लोगों का जीना मुहाल हो गया है। बल्ब की रोशनी भी कम है। कई बार अधिकारियों को समस्या के बारे में अवगत करवाया गया मगर आजतक कोई समाधान नहीं हो पाया है। इस कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासी नरेंद्र सिंह, विजय कुमार व अंचल सिंह ने कहा गर्मी और उमस से लोगों को जीना मुहाल गया है। कम वोल्टेज से लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। ऐसे में बिजली विभाग को कोई बार अवगत करवाने के बावजूद अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं लग पाया है। इस कारण लोगों को मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा है।