अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में पाकिस्तान ने गुरुवार को पूरी रात गोले दागे। इसमें गुज्जर समुदाय के मक्खन दीन के डेरे में बंधे दो मवेशियों की मौत हो गई जबकि एक अन्य बुरी तरह घायल हो गया। गुरुवार रात साढ़े आठ बजे से सुबह साढ़े चार बजे तक गोलाबारी हुई। बीएसएफ ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। पाकिस्तान की ओर से मनियारी और सतपाल पोस्ट के नजदीक चल रहे सुरक्षा बांध निर्माण कार्य को लगातार निशाना बनाया जा रहा है।
सीमावर्ती लोगों में लगातार हो रही गोलाबारी से रोष बढ़ता जा रहा है। उनके मुताबिक हर बार बंकर में भागकर जान नहीं बचाई जा सकती। पिछले 40 दिन से हो रही गोलाबारी में उनकी अधिकतर रातें बंकरों में ही कटी हैं। ऊपर से फसल की कटाई भी शुरू नहीं हो पा रही है।
-गोलाबारी प्रभावितों को दस हजार की सहायता
कठुआ के उपायुक्त ओम प्रकाश ने मनियारी गांव में पहुंचकर गोलाबारी से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने जिन चार लोगों को नकसान हुआ है उन्हें 10-10 हजार की आर्थिक सहायता मुहैया करवाई है। पिछले दिनों हुई गोलाबारी में यशपाल का कुल्ला जल गया था वहीं शामलाल के घर में घुसी गोली ने ट्रंक में रखा सामान जला दिया था। कुछ दिन पहले सैद अली की भैंस जख्मी हुई थी। गुरुवार रात हुई गोलाबारी में मक्खन दीन की दो भैंसों की मौत हो गई।
-पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन
हीरानगर सेक्टर में पाकिस्तान की अकारण फायरिंग के खिलाफ स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया।