अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। देह व्यापार मामले में गिरफ्तार होटल प्रबंधक समेत तीन लोगों को पुलिस ने पांच दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों को महिला की शिकायत पर दबोचा गया था। हालांकि लीज पर होटल लेने वाला अभी गिरफ्तारी से दूर है। वहीं, नबाबाद में हफ्ते के भीतर देह व्यापार के दो मामले सामने आ चुके हैं। इससे इलाके में हड़कंप है। रात को पुलिस की ओर से होटलों के आसपास गश्त की जा रही है।
शनिवार को पुलिस ने गुम्मट स्थित होटल रिची लैंड से प्रबंधक तेज कृष्ण और दो दलालों कुपवाड़ा निवासी आरिफ व मोहम्मद अल्ताफ को गिरफ्तार किया था। श्रीनगर की महिला की शिकायत पर कार्रवाई की गई थी। होटल अखनूर के रहने वाले सतीश शर्मा ने लीज पर ले रखा था, जो फरार है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के पास नबाबाद स्थित कई होटल्स एवं लाज में देह व्यापार की शिकायतें आ रही हैं। पंजाब और श्रीनगर से लड़कियों को लाया जा रहा है। इसी को देखते हुए पुलिस ने उक्त इलाके में पैनी नजर रखनी शुरू कर दी है।