अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। आपका बिजली बिल बकाया है, रात तक नहीं भरा तो कनेक्शन काट दिया जाएगा... यह मैसेज पूर्व डीसी के मोबाइल नंबर पर आया, जैसे ही जानकारी के लिए उन्होंने उक्त नंबर पर संपर्क किया तो चंद मिनटों में दो बैंक खातों से करीब साढ़े चार लाख रुपये निकल गए। यह मामला चार दिन पहले का है। साइबर पुलिस शिकायत के आधार पर जांच में जुटी हुई है। पुलिस पता लगा रही है कि ऑनलाइन कॉल कहां से की गई है। इसके लिए आईपी एड्रेस को ट्रेस किया जा रहा है।
सेवानिवृत्त केएएस अधिकारी रोहित खजूरिया के दो बैंक खातों से 4.40 लाख रुपये निकाले गए हैं। वह सांबा के डीसी और जेडीए के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। चार दिन पहले उनके मोबाइल पर एसएमएस आया, इसमें लिखा था- आपका बिजली बिल लंबित है। आज रात तक जमा नहीं करवाया तो कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके लिए एक मोबाइल नंबर भी भेजा गया, जिस पर संबंधित अधिकारी बताकर संपर्क करने के लिए कहा। जैसे ही पूर्व डीसी ने उक्त नंबर पर फोन कर जानकारी ली तो कुछ ही मिनटों बाद उनके पीएनबी बैंक के खाते से 1.40 लाख रुपये निकालने का संदेश आ गया।
अधिकारी ने मैसेज देखा तो पता चला कि वह ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए हैं। उन्हें लगा कि कहीं दूसरे खाते से भी पैसे न निकाल लिए जाएं, इसलिए अपने जम्मू-कश्मीर बैंक के खाते को लेकर उपभोक्ता सेल पर संपर्क किया। बताया कि उनको अंदेशा है कि खाते से कोई ऑनलाइन ठगी वाला पैसे निकाल सकता है। लिहाजा उनका बैंक खाता सील कर दिया जाए। लेकिन बैंक खाता सील करने में बहुत समय लगा दिया गया। इसी दौरान उन्हें मैसेज आ गया कि उनके जेके बैंक के खाते से भी तीन लाख रुपये निकल लिए गए हैं। अधिकारी ने इसकी शिकायत जम्मू साइबर पुलिस को दी। हालांकि साइबर पुलिस के एक अधिकारी ने यह जरूर बताया कि वह मामले में उक्त अधिकारी से बात कर रहे हैं। उनका मामला देखा जा रहा है, लेकिन इसकी कोई जानकारी सांझा नहीं कर सकते।
लगातार आ रहे बिजली बिल बकाया के मैसेज
बता दें कि बिजली बिल बकाया को लेकर लगातार लोगों को मोबाइल पर एसएमएस आ रहे हैं। इस एसएमएस में कहा जाता है कि आज रात आपकी बिजली कट जाएगी। इस एसएमएस में एक मोबाइल नंबर भी होता है। यह मोबाइल नंबर संबंधित अधिकारी का बताया जाता है। सूत्रों का कहना है कि हर महीने करीब दो हजार लोगों को इस तरह के मैसेज आते हैं। साइबर पुलिस के पास भी इसकी शिकायतें आ रही हैं। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
साइबर ठगी के लगातार बढ़ रहे मामले
बता दें कि साइबर ठगी के लगातार मामले बढ़ रहे हैं। हर महीने जम्मू में ही 200 से 300 शिकायतें साइबर अपराध की आ रही हैं। सेक्सटार्शन, ऑनलाइन पेमेंट करने के नाम पर बैंक खातों से पैसे निकालने के मामले सामने आ रहे हैं।
ऐसे करें बचाव
1. कभी भी किसी ऐसी वेबसाइट से खरीदारी या अन्य काम न करें, जो सुरक्षित न हो।
2. किसी भी वेबसाइट पर बैंकिंग जानकारी जैसे एटीएम-क्रेडिट कार्ड नंबर, नेट बैंकिंग पासवर्ड आदि सेव न करें।
3. व्हाट्सएप, मैसेज या ईमेल पर किसी भी अनजाने लिंक को क्लिक न करें।
4. लॉटरी या किसी ऑफर्स के चक्कर में अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
5. अगर कोई अज्ञात व्यक्ति वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) पूछता है तो बिल्कुल भी मत बताएं
यहां करें शिकायत
यहां करें शिकायत : यदि आप किसी भी तरह के ऑनलाइन फ्रॉड के शिकार होते हैं तो तुरंत 01942476038 पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें। इसके अलावा https://cybercrime.gov.in/ पर विजिट भी कर सकते हैं, जहां पर नोडल अधिकारियों का कांटैक्ट नंबर मिल जाएगा।