बिश्नाह। पुलिस ने सोमवार को बिश्नाह क्षेत्र के कुख्यात नशा तस्कर (किंगपिन) चिराग अत्री उर्फ चेतन निवासी चक झराला तहसील बिश्नाह जिला जम्मू की संपत्तियों को जब्त कर लिया है। उसके खिलाफ पहले भी कई एनडीपीएस मामले दर्ज किए जा चुके हैं। हाल ही में उसे पीआईटी एनडीपीएस के तहत हिरासत में लिया गया है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बिश्नाह क्षेत्र में कुख्यात नशा तस्कर की तीन संपत्तियों को जब्त किया है, जिसमें बिश्नाह के चक झराला गांव स्थित निर्माणाधीन दो मंजिला पक्का मकान, चक चुआ गांव में स्थित व्यावसायिक हॉल और स्विफ्ट डिजायर (जेके02डीई-6002) जब्त की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह संपत्तियां मादक पदार्थों और साइकोट्रोपिक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित की गई थीं। एसपी हेडक्वार्टर इरशाद हुसैन राथर ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संवाद