जम्मू। कृषि व संबद्ध क्षेत्रों के लिए महत्वाकांक्षी एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत जम्मू-कश्मीर में 537 खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां खुलेंगी। प्रदेश सरकार ने जिले वार उत्पादों की सूची को मंजूरी दे दी है। हर जिले के लिए चुने गए उत्पाद से जुड़ीं प्रसंस्करण इकाइयां खोली जाएंगी। प्रति यूनिट 35 फीसदी सब्सिडी दी जाएगी और इकाई स्थापित करने का अधिकतम बजट 10 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। कृषि उत्पाद एवं किसान कल्याण विभाग के प्रधान सचिव नवीन कुमार चौधरी ने उच्च स्तरीय बैठक में कहा कि सूची हितधारकों के सुझाव लेने के बाद तैयार की गई है।
जिले वार चुने गए उत्पाद में जम्मू जिले के लिए डेयरी उत्पाद चिह्नित किए गए हैं। वहीं सांबा में मशरूम, कठुआ में मसाले, उधमपुर में अचार और जैम जबकि रियासी में जैविक सब्जियों की प्रसंस्करण इकाइयां खोली जाएंगी। इसी तरह से राजोरी जिले के लिए मसाले, पुंछ में मटन और पोल्ट्री, रामबन में शहद, डोडा और किश्तवाड़ जिलों में प्रसंस्करण इकाइयों के लिए अखरोट को उत्पाद चुना गया है।
---
शोपियां में सेब, पुलवामा
में केसर बना जिले का उत्पाद
कश्मीर संभाग के शोपियां जिले के लिए सेब को उत्पाद चुना गया है, वहीं पुलवामा के लिए केसर जिले का उत्पादन होगा। अनंतनाग में ट्राउट मछली, कुलगाम में सेब और मसाले, श्रीनगर में फूल, बडगाम में विदेशी सब्जियां, बारामुला में डेयरी उत्पाद, कुपवाड़ा में अखरोट, गांदरबल में शहर और बांदीपोरा में पोल्ट्री और मटन की प्रसंस्करण इकाईयां खुलेंगी।