बाड़ी ब्राह्मणा। सोशल मीडिया नेटवर्किंग से जुड़ी छात्राएं सावधानी बरतें, किसी भी आपत्तिजनक या अंजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई पोस्ट को स्वीकार न करें। इससे समस्या खड़ी हो सकती है। रोजाना ऐसे केस सामने आ रहे हैं। अगर कोई गलत हरकत करता है तो चुप न रहें, मुंहतोड़ जवाब दें, अपने घरवालों या शिक्षकों से बात साझा करें। यह बातें एसडीपीओ बाड़ी ब्राह्मणा मोहिता शर्मा (आईपीएस) ने भारती पब्लिक स्कूल में आयोजित अपराजिता के तहत आयोजित कार्यक्रम में कहीं।
स्कूल के चेयरमैन कुलविंदर सिंह जमवाल ने मुख्य अथिति एसडीपीओ बाड़ी ब्राह्मणा मोहिता शर्मा को सम्मानित किया। मोहिता शर्मा ने छात्राओं से रूबरू होते हुए महिला सशक्तीकरण पर बात की। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं चूल्हा चौके तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। महिला सशक्तीकरण पर आधारित इस कार्यक्रम में पांचवीं से लेकर दसवीं कक्षा तक की छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान छात्राओं ने कविताओं के जरिये उपस्थित लोगों की वाहवाही लूटी।
मोहिता शर्मा ने रोजमर्रा की जिंदगी में युवतियों और महिलाओं को आ रही समस्याओं के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि गलत हरकत करने वाले को जवाब न देने पर उनके हौसले बढ़ जाते हैं। इनसे सख्ती से पेश आएं। उन्होंने आत्मरक्षा के लिए छात्राओं को जूडो-कराटे सीखने को भी कहा।
इस दौरान प्रश्न गोष्ठी का भी आयोजन हुआ। इसमें मोहिता शर्मा ने छात्राओं के सवालों के जवाब भी दिए। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने मुख्य अतिथि का धन्यवाद किया और तालियों की गड़गड़ाहट से उन्हें सम्मान दिया।
स्कूल के चेयरमैन कुलविंदर सिंह जमवाल ने अपराजिता कार्यक्रम छात्राओं के लिए प्रेरणा देने वाला आयोजन है। सामाजिक दायित्व से प्रेरित इस पहल से पूरे समाज पर सकारात्मक असर पड़ना लाजमी है।(संवाद)
कोट
एक आईपीएस अधिकारी का हमारे स्कूल में आना बहुत ही गर्व की बात है। आज जिस तरह उन्होंने हमारा मार्गदर्शन किया, उसे हम जिंदगी भर नहीं भूलेंगे। उनकी कही गई बातों पर अमल करेंगे।
सोनिया, छात्रा नौवीं कक्षा
मुख्य अतिथि मोहिता शर्मा का भाषण सुनने के बाद हम काफी जागरूक हो गए हैं। भविष्य में जब भी हमें कोई परेशानी होगी तो हम उनकी कही बातों पर अमल कर मुसीबत का डटकर मुकाबला करेंगे।
आरती, छात्रा नौवीं कक्षा
बेटियों को जागरूक और आगे बढ़ने के लिए उत्साहित करने के लिए अपराजिता कार्यक्रम चलाने के लिए अमर उजाला का धन्यवाद। आज का कार्यक्रम विशेष तौर पर बेटियों पर आधारित था। इसमें काफी कुछ सीखने को मिला। यह सीख हमें भविष्य में काम आएगी
अफसा, छात्रा छठी कक्षा
जब कार्यक्रम की शुरुआत हुई तो हमें लगा कि अखबार के बारे में कुछ बताया जाएगा लेकिन इस कार्यक्रम में काफी कुछ सीखने को मिला। इसमें बेटियों को सशक्त बनाने की बात कही गई। बेटियों को संकट से कैसे बचना है, यह भी बताया गया।
सोनाक्षी, छात्रा