जम्मू। शहीद-ए आजम भगत सिंह के जन्मदिवस पर मंगलवार को शहर भर में कार्यक्रम करवाए गए। शहीद-ए आजम भगत सिंह फाउंडेशन और ज्यूल बाजार ट्रेडर एसोसिएशन ने शहीद भगत सिंह चौक में कार्यक्रम करवाया। इसमें शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। राजकीय आयुर्वेद अस्पताल जम्मू ने निशुल्क मेडिकल कैंप लगाया। इसमें 526 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें कोविड-19 से बचाव के लिए दवाइयां वितरित की गईं। डॉ. जतिंदर कुमार के नेतृत्व में डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ ने कैंप में सेवाएं दीं।
विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कैंप का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह युवाओं के लिए सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं। फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. तरण सिंह ने कहा कि देश की आजादी के लिए शहीदों ने अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। हमें बाहरी दुश्मनों के साथ ही नहीं बल्कि असामाजिक तत्वों, ड्रग माफिया के साथ भी लड़ना है, जो हमारी आजादी के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। इस दौरान पद्मश्री डॉ. एसपी. वर्मा ने पुष्पांजलि अर्पित करते कहा कि ब्रिटिश शासन से आजादी दिलाने में शहीद भगत सिह का योगदान सबसे अहम है।