घगवाल। तहसील के छनन काना गांव के पास खुले में ही मृत जानवरों के फेंकने से स्थानीय लोगों में रोष है। इसको लेकर कई बार पंचों सरपंचों को बताया जा चुका है। कोई कार्रवाई नहीं होने पर स्थानीय लोगों को बीमारियां फैलने की आशंका हो रही है।
स्थानीय निवासी घनश्याम शर्मा, लालदीन, मिताली व अक्षम ने बताया कि छनन काना गांव के पास मृत जानवरों को फेंका जा रहा है। इसकी इतनी दुर्गंध होती है कि घरों में रहना दुश्वार है। इतना ही नहीं जहां पर मृत जानवरों को फेंका जाता है। उसके पास से एक नहर निकल रही है। अगर कहीं उसमें कोई मृत जानवर पड़ गया जो स्थानीय लोगों की जान भी जा सकती है, लेकिन उनकी बात को पंच सरपंच सहित विभागीय अधिकारी भी अनसुना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि उसके आसपास लोगों की जमीनें भी हैं और दुर्गंध के चलते लोग फसल लगाने नहीं जा सकते। इसको लेकर लोग एक साथ कई प्रकार की समस्याओं से परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र मृत जानवरों के स्थान को बदला नहीं गया तो वह धरना प्रदर्शन करेंगे।
----------
गांव के लोगों ने इसकी जानकारी दी है। इस समस्या के समाधान के लिए गांव से दूर कोई स्थान चिह्नित किया जा रहा है ताकि गांव वालों को इस समस्या से निजात मिल सके।
-अजीत राज, सरंपच