घगवाल। तहसील के सीमावर्ती क्षेत्र के लोग कई वर्ष से बबर नाले पर पुल बनाने की मांग उठाते रहे हैं। सरकार की ओर से पुल के लिए तीन करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए। पांच वर्ष बाद पुल के धंस जाने पर लोगों में रोष बना हुआ है।
सरपंच सुरेश शर्मा ने बताया कि कई साल की मांग के बाद सीमावर्ती क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला राजपुरा तहसील के सारथी के बबर नाले में बना पुल धंस गया। हालांकि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। उन्होंने विभाग पर पुल में घटिया निर्माण सामग्री लगाने के आरोप भी लगाए। इसकी शीघ्र उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि उक्त पुल करीब पांच साल पहले बनाया गया। इस पर करीब 3 करोड़ रुपये की लागत आई। इसके बाद भी यह विभाग की अनदेखी का शिकार हुआ। उन्होंने बताया कि यह पुल सीमावर्ती क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ता है, लेकिन यह पुल पांच साल भी नहीं टिक सका है। उन्होंने कहा कि सरकार के भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने उपराज्यपाल से जांच की मांग उठाई है।