जम्मू। शहर में बीते दिनों हुई बारिश ने प्रशासन के प्रबंधों की पोल खोल दी है। यूनिवर्सिटी रोड पर 10 दिन पहले डाला गया तारकोल उखड़ना शुरू हो गया है। यहां पर बजरी निकलने लगी है, जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं। इस कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है।
वहीं, छन्नी रामा, नरवाल, बेलीचराना और वेयरहाउस रोड भी खस्ताहाल हैं। यहां पर सीवरेज लाइन डालने के बाद तारकोल बिछाने का काम शुरू नहीं हो पाया है। बारिश के कारण गड्ढे गहरे हो गए हैं। अर्बन एनवायरनमेंट इंजीनियरिंग विभाग के अधीक्षण अभियंता राकेश गुप्ता ने कहा कि बरसात के बाद सड़कों पर काम शुरू करवाया जाएगा। कुछ सड़कों का काम लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया है। इसी माह काम करवाया दिया जाएगा।