दोमाना। लोक निर्माण विभाग की अनदेखी के कारण मढ़ से बोहड़ी तक 19 किलोमीटर सड़क पर गड्ढों की भरमार है। मरम्मत न होने के कारण वाहन चालकों व राहगीरों को आवाजाही में परेशानी होती है। रोजाना सेना की गाड़ियों के साथ दूसरे सैकड़ों वाहन इस सड़क से गुजरते हैं। गड्ढों के कारण इस पर कई हादसे हो चुके हैं। बावजूद इसके संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे। एक सप्ताह पहले ही जम्मू की नवनियुक्त डीसी अवनी लवासा भी इसी सड़क से होकर मढ़ आई थीं। लोक निर्माण विभाग के कई उच्च अधिकारी भी कई बार इस सड़क से गुजरते हैं, लेकिन रोड की मरम्मत के लिए कोई जहमत नहीं उठा रहा। प्रशासन की इस अनदेखी पर लोगों में रोष है।
------
यह सड़क नगर निगम के पांच वार्डों को जोड़ती है, लेकिन गड्ढों की भरमार होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। बारिश के समय गड्ढों में पानी जमा हो जाता है, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है। सड़क का सात किलोमीटर हिस्सा नगर निगम के अधीन है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी जल्द इसकी मरम्मत करवाएं।
- महेंद्र कुमार, पार्षद, वार्ड-61
---
मढ़ क्षेत्र के किसान देर शाम इसी सड़क से गाड़ियों में सब्जी लेकर मंडियों को जाते हैं। अंधेरे के कारण कई बार गड्ढे दिखाई नहीं देते। उबड़-खाबड़ रास्ते में दोपहिया वाहन चलाना और भी मुश्किल हो जाता है। बगल से बड़ी-बड़ी गाड़ियां भी गुजरती रहती हैं। इससे दुर्घटना का डर बना रहता है।
- अनीता लगेंह, शामा चक
------
जम्मू-अखनूर राष्ट्रीय राजमार्ग के काम के चलते धूल-मिट्टी से बचने के लिए मढ़ की सड़क से जाते थे, लेकिन अब यह सड़क भी खस्ताहाल हो गई है। प्रशासन की लापरवाही की वजह से सड़क का यह हाल हुआ है। गड्ढों की वजह से कभी भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है।
- रमन भगत, कांगरेल
-------
रात को अंधेरे में सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण आए दिन दोपहिया वाहन सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों को छोड़कर बीच की सड़कों पर काम के नाम पर केवल खानापूर्ति ही हो रही है। संबंधित विभाग को जल्द सड़क की मरम्मत करवानी चाहिए।
सुनील शर्मा, दात्रेयाल (मढ़)
----------
ठेकेदारों की कुछ समस्या थी, जिनकी वजह से काम में देरी हुई है। अब गड्ढों को भरने के बजाय पूरी सड़क पर तारकोल बिछाया जाएगा। जल्द ही इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
- रमेश सिंह, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग