अखनूर। कस्बे के म्यूनिसिपल कमेटी में ईओ का पद पिछले एक महीने से खाली पड़ा है। जिसके चलते कस्बे में विकास कार्य प्रभावित हो रहा है। नई योजना की मंजूरी नहीं मिल रही है।
जानकारी के अनुसार कस्बे के म्यूनिसिपल कमेटी के ईओ रमेश गुप्ता एक महीने पहले रिटायर हो गए थे। एक महीने से यह पद रिक्त है। इसके चलते कमेटी में तैनात डेलीवेजर कर्मचारियों को मासिक वेतन भी दो महीने से नहीं मिला है वहीं कस्बे में विकास कार्यों सहित अन्य योजनाएं शुरू नहीं हो रही हैं।
चेयरमैन सहित पार्षदों ने एक प्रस्ताव रूरल बाडी निदेशक को भेजकर ईओ का पद भरने की मांग की लेकिन अभी तक तैनाती नहीं की गई। वहीं कस्बे के लोगों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द ईओ की तैनाती की जाए ताकि रुके विकास कार्य शुरू हो सकें।
चेयरमैन सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि ईओ के पद खाली होने पर कस्बे में विकास कार्य रुक गए हैं। निदेशक को लिखित प्रस्ताव भेजकर ईओ की तैनाती का आग्रह किया है मगर अभी तैनाती नहीं हुई है।