जम्मू। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने जूनियन इंजीनियर सिविल के पद भरने के लिए सीबीटी परीक्षा करवानी है। इसके लिए बोर्ड की वेबसाइट पर परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक नहीं है, लेकिन व्हाट्सएप में मिले एक लिंक से अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर रहे हैं। इसको लेकर अभ्यर्थी परेशान हैं।
जेकेएसएसबी 27 से 30 अक्तूबर तक आरएंडबी, जलशक्ति विभाग में जूनियर सीविल इंजीनियर और ड्राफ्ट्समैन सीविल के कुल 365 पदों पर सीबीटी परीक्षा लेगा। लिंक के माध्यम से एडमिट कार्ड डाउनलोड हो रहे हैं, लेकिन बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट पर ऐसा कोई लिंक नहीं है। इसको लेकर उम्मीदवार परेशान हैं। ट्वीट सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर युवा जेकेएसएसबी से इस संबंध में जानकारी मांग रहे हैं, लेकिन जेकेएसएसबी ने अभी तक कोई जानकारी नहीं दी है।
अपनी पार्टी यूथ विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष रकीक अहमद खान ने कहा किए जेकेसएसएसबी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। बोर्ड की वेबसाइट पर एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक नहीं है। बोर्ड सचिव सचिन जमवाल ने कहा कि यह कार्य परीक्षा नियंत्रक की रेखदेख में हो रहा है, जब परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार से संपर्क किया तो कई बार फोन करने के बाद भी उन्होंने जवाब नहीं दिया।
--
उम्मीदवरों ने जेकेएसएसबी से मांगी जानकारी
अभ्यर्थियों में सुदर्शन, विनोद, विंकल ने कहा कि व्हाट्सएप पर एक लिंक आया था। इसे खोलने पर अपनी जानकारी डाली तो एडमिट कार्ड फोटो के साथ डाउनलोड हो गया। जेकेएसएसबी की वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध ही नहीं था। बोर्ड द्वारा हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया, लेकिन कोई जवाब ही नहीं मिला है, बोर्ड को उचित जानकारी देनी चाहिए।