जम्मू। शहर में पेयजल किल्लत के कारण लोग परेशान हैं। रूपनगर, नरवाल, सरवाल में पेयजल समस्या बढ़ गई है। बख्शी नगर, सैनिक कॉलोनी, पुराना शहर, बस स्टैंड, मुट्ठी आदि इलाकों में सवा घंटे की बजाय आधा घंटा ही सप्लाई आई।
कई इलाकों में जलशक्ति विभाग ने टैंकरों से पानी मुहैया करवाया। यह समस्या बिजली कटौती के कारण आ रही है। बिजली न होने से मोटरें बंद रह रही हैं, जिससे टैंको में पानी स्टोर नहीं हो पा रहा। मौजूदा समय में शहर में 54 जीएमडी पानी की जरूरत है, जबकि आपूर्ति 40 जीएमडी हो रही है। तापमान में गिरावट आने के बाद ही समस्या हल होने की उम्मीद है। जलशक्ति विभाग के एक्सईएन आरके महाजन ने बताया कि समस्या का निदान किया जा रहा है। अवैध कनेक्शनों को काटा गया है।