जम्मू। कोरोना महामारी को रोकने के लिए लगाए लॉकडाउन के बीच लोग घरों में ही रह रहे हैं। हालांकि जरूरी काम के लिए कुछ लोग बाहर निकल रहे हैं। शुक्रवार सुबह छह से दस बजे तक खोली गईं दुकानों के बाहर भीड़ रही। दिन में भी कुछ दिहाड़ी लगाने वाले काम की तलाश कर रहे हैं।
पुलिस और सुरक्षाबलों के जवान चौक-चौराहों पर मुस्तैदी से तैनात हैं और हर आने-जाने वाले से घर से बाहर निकलने का कारण पूछ रहे हैं।
लाकडाउन को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस की टीमें दिन भर शहर में गश्त करती रहीं। मोबाइल वैनों के माध्यम से नजर रखी जा रही है। बिना कारण किसी को भी घरों से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा। सड़कों पर सन्नाटा है।
उधर, अब काम न मिलने से दूसरे राज्यों के लोग भी अपने घर लौट रहे हैं। लोगों का कहना है कि लॉकडाउन के कारण सब काम रुक गए हैं। अब घरों से बाहर निकलना पड़ रहा है। गरीब लोग खाने के जुगाड़ के लिए काम की तलाश करने लगे हैं।