जम्मू। नई गाइडलाइन के बाद सोमवार को जम्मू रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर आने वाले 2795 यात्रियों के रैपिड टेस्ट हुए, लेकिन इसमें कोई कोरोना संक्रमित नहीं मिला। एयरपोर्ट पर दिल्ली से आए मुख्य सचिव जम्मू-कश्मीर का भी रैपिड और आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया। स्कूल खोलने के बाद जिला उपायुक्तों को व्यवस्थाओं और स्थिति पर निगरानी रखने को कहा गया है। इसमें किसी स्कूल में स्टाफ सदस्य या विद्यार्थी में संदिग्ध लक्षण मिलने पर रैंडम कोरोना सैंपलिंग की जाएगी।
जम्मू रेलवे स्टेशन पर सोमवार को 2021 और जम्मू एयरपोर्ट पर 774 यात्रियों के रैपिड एंटीजन टेस्ट किए गए। लेकिन कोई भी यात्री कोरोना संक्रमित नहीं मिला। नई गाइडलाइन में अभी स्टेशन, एयरपोर्ट और प्रवेशद्वार लखनपुर में टेस्टिंग जारी रखी गई है, लेकिन आगामी दिनों में इस व्यवस्था को वापस लिया जा सकता है। रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर 54 स्वास्थ्य टीमें दिनरात काम कर रही हैं। प्रत्येक टीम में 2-3 सदस्य हैं।
--------
जम्मू-कश्मीर में 44 संक्रमित
मामले मिले, कोई मौत नहीं
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 44 नए मामले सामने आए हैं। इनमें जम्मू संभाग से आठ मामले हैं। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में संक्रमण से कोई मौत नहीं हुई है। राहत यह है कि प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में 83 संक्रमित मरीज ठीक हुए हैं। इसमें जम्मू संभाग से 19 मरीज हैं। प्रदेश में अब तक 1936 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है, इनमें कश्मीर संभाग से 1215 मौतें हुई हैं। प्रदेश में वर्तमान में 709 मामले सक्रिय हैं। जम्मू संभाग में छह जिले आगामी दिनों में कोविड मुक्त हो सकते हैं। इसमें राजोरी, डोडा, कठुआ, किश्तवाड़, रामबन और रियासी जिला में 1-5 मामले ही सक्रिय हैं।