जम्मू। शहर में कोरोना संक्रमण की चपेट में जिला उपायुक्त कार्यालय भी आ गया है। डीसी जम्मू कार्यालय परिसर में सुरक्षा गार्ड, सैनिटरी वर्कर और पेटीशन राइटर समेत चार लोग संक्रमित पाए गए हैं। रिपोर्ट आते ही जिला उपायुक्त कार्यालय को अस्थायी कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील कर दिया गया है। संक्रमितों को अस्पताल शिफ्ट कर कार्यालय परिसर को सैनिटाइज किया जा रहा है। कार्यालय परिसर को अगले आदेश तक बंद रखा जाएगा।
जिला उपायुक्त सुषमा चौहान ने ट्विटर हैंडल से सुबह सवा दस बजे इसकी सूचना दी। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर में संक्रमित मिलने पर डीसी ऑफिसर कांप्लेक्स व वजारत रोड पर कार्यालय का बाहरी क्षेत्र अस्थायी रूप से कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र को व्यापक स्तर पर सैनिटाइज करवाया जा रहा है। उधर, नगर निगम के पार्षद नरोत्तम शर्मा समेत टीम ने सैनिटाइजेशन अभियान चलाया। संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार कर स्वास्थ्य विभाग सैंपलिंग करने जा रहा है।
---
आज खुलेगा लॉकडाउन
वीकेंड लॉकडाउन के सोमवार 27 जुलाई को सुबह छह बजे समाप्त होने के साथ ही जम्मू जिले में जन जीवन फिर पटरी पर लौट आएगा। कोरोना संक्रमण के लगातार फैलाव पर प्रशासन ने लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग, फेेेस मास्क लगाने सहित अन्य सावधानियां बरतने की अपील की है। उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के लिए विभिन्न टीमों को भी तैनात किया गया है।