राजोरी की नौशेरा तहसील के एलओसी के पास बसे गांव
सरया (झांगड़) में शनिवार की सुबह बारूदी सुरंग फटने से तीन मजदूरों की मौत
और एक मजदूर के घायल होने के मामले में डीसी ने जांच के निर्देश जारी किए
हैं। जानकारी के अनुसार, डीसी दिप्ती उप्पल ने नौशेरा के एसडीएम हितेश
गुप्ता और एसडीपीओ सरगुन शुक्ला को जांच का जिम्मा सौंपा है।
डीसी
ने एसडीएम और एसडीपीओ को विस्फोट के पीछे के कारणों का पता लगाने व
विस्फोटक पदार्थ के बारे में जानकारी प्राप्त करने के निर्देश जारी किए
हैं। दोनों अधिकारियों को एक हफ्ते के भीतर मामले की पूरी जांच कर रिपोर्ट
पेश करनी है। इस संबंध में एसएसपी डा. हसीब मुगल ने बताया कि नौशेरा पुलिस
अपने स्तर पर भी मामले की जांच कर रही है।
विस्फोट वाले स्थान से
कुछ खास सबूत नहीं मिल पाने से विस्फोटक पदार्थ के बारे में पता लगाने में
दिक्कतें पेश आ रही हैं। उस क्षेत्र को माइन फ्री करार दे दिया गया था,
लेकिन विस्फोट के बाद दावे खोखले साबित हुए हैं।