जीएमसी के सुप्रिटेंडेंट डॉ. वीरेंद्र त्रिसल से वार्ता करते हिंदू शिव सेना के प्रधान कृष्ण मन्ह
जम्मू। तीमारदारों से निजी एंबुलेंस चालकों की मनमानी वसूली के विरोध में शुक्रवार को हिंदू शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) के सुपरिंटेंडेंट का घेराव किया। अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधान कृष्ण मन्हास के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डॉ. वीरेंद्र त्रिसल काे चेतावनी दी कि यदि 20 दिन के भीतर अस्पताल परिसर में तैयार प्री-पेड एंबुलेंस काउंटर को शुरू नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे। सुपरिंटेंडेंट ने आश्वस्त किया कि वे काउंटर खोलकर आमजन को राहत दिलाएंगे।
प्रधान कृष्ण मन्हास ने आरोप लगाया कि छह महीने से निजी एंबुलेंस की मनमानी को बंद करने की मांग कर रहे हैं लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना है। गरीब मरीजों और उनके परिजन को मजबूरी में दोगुना-तिगुना किराया देना पड़ रहा है। एंबुलेंस चालक जीएमसी से रेफर होने वाले गंभीर मरीजों के तीमारदारों को बहला-फुसलाकर या डॉक्टरों से साठगांठ कर सीधे अन्य राज्यों के निजी अस्पतालों में पहुंचा रहे हैं।