फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लेह पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दौरे को देश के सशस्त्र बलों को किया समर्पित

Mon, 21 Aug 2017 09:39 PM IST
श्रेयांश त्रिपाठी,अमर उजाला/जम्मू
विज्ञापन
लेह दौरे पर पहुंचे राष्ट्रपति - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
चीन से तनातनी के बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद एक दिवसीय दौरे पर सोमवार को लेह पहुंचे। इस दौरान पांचों लद्दाख स्काउट्स बटालियनों तथा लद्दाख स्काउट्स रेजीमेंटल सेंटर को उन्होंने राष्ट्रपति कलर से सम्मानित किया।राष्ट्रपति बनने के बाद दिल्ली के बाहर यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है। उन्होंने अपने इस दौरे को देश के सशस्त्र बलों को समर्पित किया।
विज्ञापन


सेना प्रमुख बिपिन रावत एक दिन पहले से ही लेह में मौजूद हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि लद्दाख स्काउट्स को भारतीय सेना का हिस्सा बने 54 वर्ष हो चुके हैं। इस रेजीमेंट का यह सफर शौर्य, सम्मान और कीर्ति की गाथाओं से भरपूर रहा है। इस रेजीमेंट की स्थापना 1947-48 में पाकिस्तानी कबालियों के हमले के समय हुई और लद्दाख के लोगों ने अपनी मातृभूमि की रक्षा का संकल्प लिया। यह पराक्रम आज भी समूचे देश के लिए गर्व का विषय है। 

कहा कि आधी सदी से कुछ ज्यादा अवधि के दौरान यह रेजीमेंट विशिष्ट वीरता तथा असाधारण सेवाओं के लिए 605 सम्मान तथा पदक प्राप्त कर चुकी है। यह रेजीमेंट के जवानों के अदम्य साहस और भावना का प्रमाण है और यह हमारे सशस्त्र बलों के सभी जवानों और अधिकारियों के लिए आदर्श हैं। उन्होंने अनेक युद्धों के दौरान विशिष्ट पहचान बनाई और खेलों, रोमांचक गतिविधियों तथा पेशेवर चुनौतियों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। 
विज्ञापन
Trending Videos

सेना के जवानों को कर्तव्यनिष्ठा के लिए दी बधाई

लेह के दौरे पर राष्ट्रपति - फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रपति ने रेजीमेंट के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके लहू तथा बलिदान ने हमारी संप्रभुता की रक्षा की है। हमारे राष्ट्र को गौरव दिलाया है तथा हमारी जनता को नुकसान पहुंचने से बचाया है। उन्होंने रेजीमेंट के सभी पूर्व सैनिकों तथा सेवारत जवानों को उनकी कर्तव्यनिष्ठा तथा पेशेवर आचरण के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत, राज्यपाल एनएन वोहरा, मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, उप मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह, जीओसी इन सी लेफ्टिनेंट जनरल देवराज अनबू तथा सरकार के अन्य मंत्री भी मौजूद थे। इससे पहले राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ आनर दिया गया। 

लेह एयरपोर्ट पर पहुंचने पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री के अलावा शिक्षा मंत्री अल्ताफ बुखारी, पीडब्ल्यूडी मंत्री नईम अख्तर, लद्दाख मामलों के मंत्री छेरिंग दोरजे, सांसद थुपत्सन चिवांग, लद्दाख कौंसिल के मुख्य कार्यकारी डा. सोनम दावा, मुख्य सचिव बीबी व्यास, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव रोहित कंसल ने उनकी अगवानी की। 
विज्ञापन

बुद्धा पार्क फॉर वर्ल्ड पीस की आधारशिला रखी

लेह के दौरे पर राष्ट्रपति - फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रपति ने लेह के महाबोधि इंटरनेशनल मेडिटेशन सेंटर में बुद्धा पार्क फॉर वर्ल्ड पीस की आधारशिला भी रखी। उन्होंने बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन भी अर्पित किए। राष्ट्रपति ने कर्नल सोनम वांगचुक पर एक डाक्यूमेंट्री फिल्म का भी लोकार्पण किया। इससे साथ वीर नारियों के साथ संवाद किया। 

सेना प्रमुख दो दिनों से डाले हुए हैं डेरा
सेना प्रमुख बिपिन रावत दो दिनों से लेह में डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने दौरे में चीन के साथ लगती एलएसी पर सुरक्षा हालात की समीक्षा की। लद्दाख में चीनी सैनिकों की ओर से की जा रही घुसपैठ की कोशिशों के बीच उनका दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें