राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने केंद्रीय विश्वविद्यालय के मार्च में होने वाले दूसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर आने के लिए सैद्धांतिक सहमति दे दी है। इसके बाद विवि प्रशासन समारोह की तैयारियों, अतिथियों और छात्रों की सूची बनाने में जुट गया है। समारोह की तिथि अंतिम रूप से तय नहीं हो पाई है।
दीक्षांत समारोह के लिए राष्ट्रपति भवन को पत्र भेजा गया था। इसकी सहमति मिल चुकी है। आयोजन 14 या 15 मार्च को प्रस्तावित है। राष्ट्रपति की ओर से पूर्ण सहमति मिलने के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। दीक्षांत समारोह में 2018 और 2019 के पासआउट छात्रों को डिग्रियां दी जाएंगी। फिलहाल, समारोह का स्थान भी निर्धारित नहीं हो पाया है।
पहले समारोह में दलाईलामा थे मुख्य अतिथि
विश्वविद्यालय के 2018 में हुए पहले दीक्षांत समारोह में दलाईलामा मुख्य अतिथि थे। उस समय इसका आयोजन जम्मू विश्वविद्यालय के जोरावर सिंह सभागार में हुआ था।
विद्यार्थी भारतीय परिधान में ही लेंगे डिग्री
पिछली बार की तरह इस बार भी छात्राएं मैरून कुर्ते व सफेद बॉटम के साथ डिग्रियां लेंगी। वहीं दूसरी ओर छात्र सफेद कुर्ते-पायजामे में उपाधियां ग्रहण करेंगे।
सेंट्रल यूनिवर्सिटी, जम्मू के कुलपति प्रो. अशोक आइमा यूनिवर्सिटी की ओर से राष्ट्रपति भवन में न्योता भेजा गया था। वहां से सहमति भी मिल गई है लेकिन दीक्षांत समारोह की तिथि अभी स्पष्ट नहीं है। 14 या 15 मार्च, जिस दिन के लिए राष्ट्रपति अपनी सहमति देंगे, समारोह उसी दिन रखा जाएगा।