जम्मू। जम्मू एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रात की उड़ान सेवा शुरू होने के बाद अब श्रीनगर के लिए भी रात की उड़ान शुरू करने की तैयारी है। जम्मू-दिल्ली रात्रिकालीन फ्लाइट वाया श्रीनगर होते हुए दिल्ली जाएगी। गोएयर ने इसका शेड्यूल तैयार कर लिया है। रात्रिकालीन फ्लाइट सप्ताह में प्रतिदिन चलेगी, ऐसे में फ्लाइट सप्ताह के चार दिन जम्मू से सीधे दिल्ली, जबकि तीन दिन श्रीगर होते हुए दिल्ली जाएगी।
जम्मू एयरपोर्ट से रात्रिकालीन फ्लाइट को वाया श्रीनगर संचालित करने से देर रात श्रीनगर जाने वाले लोगों को भी लाभ मिलेगा। लोग देर रात जम्मू से श्रीनगर जा सकेंगे। गोएयर के बाद स्पाइस जेट और इंडिगो भी रात्रिकालीन फ्लाइट शुरू करने की तैयार कर रहे हैं। अगले सप्ताह से यह दोनों कंपनियां परिचालन शुरू कर सकती हैं। इनके परिचालन से रात्रि में तीन फ्लाइट होंगी, जो जम्मू एयरपोर्ट से संचालित होंगी। रात्रि फ्लाइट सुविधा को सफल बनाने के एयरपोर्ट ने रात्रिकालीन फ्लाइट को तीन दिन वाया श्रीनगर होते हुए दिल्ली भेजने का फैसला लिया है। हालांकि, विमान कंपनी ने अभी यह तय नहीं किया है कि इस नए व्यवस्था को कब से शुरू करेगी, लेकिन सबकुछ ठीक रहा तो अगले सप्ताह से वाया श्रीनगर दिल्ली के लिए रात्रिकालीन फ्लाइट संचालित हो जाएगी।