संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। ललियाना ग्रिड स्टेशन में आग लगने के बाद बिजली की कटौती से परेशानी बनी हुई है। इससे लोगों के रोजमर्रा के कार्य तो प्रभावित हो ही रहे हैं, पानी की आपूर्ति पर भी असर पड़ा है। वीरवार को ललियाना ग्रिड स्टेशन के तहत आने वाले रिसिविंग स्टेशनों पर सुबह पांच बजे से दोपहर बारह बजे तक प्रति फीडर एक घंटा बिजली सुचारू रही और एक घंटा बंद रही।
दोपहर 12:00 बजे के बाद ग्रिड के निर्देश अनुसार दो घंटे बिजली सुचारू रखी गई और एक घंटा बंद की गई। ललियाना ग्रिड स्टेशन के अंतर्गत रिसीविंग स्टेशनों द्वारा आग की घटना के बाद 6 से 7 घंटे बिजली की कटौती प्रतिदिन की जा रही है। दूसरी ओर बिजली विभाग द्वारा अन्य रिसीविंग स्टेशनों पर चार घंटे का शेड्यूल कट जारी किया गया है। प्रत्येक रिसिविंग स्टेशन से सुबह और शाम में प्रतिदिन चार घंटे कटौती होगी। 33 केवी और ग्रिड की कटौती अलग से दर्ज की जाएगी। ललियाना ग्रिड स्टेशन में जब तक नया ट्रांसफॉर्मर नहीं पहुंचता, तब तक ललियाना ग्रिड स्टेशन के अंतर्गत रिसिविंग स्टेशनों पर चार घंटे का शेड्यूल कट लागू नहीं होगा। ग्रिड स्टेशन में आग लगने से पहले जिन क्षेत्रों में मीटर लगा हुआ था, वहां पर बिजली विभाग द्वारा प्रतिदिन दो घंटे कटौती की जा रही थी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में तीन से चार घंटे कटौती की जा रही थी। लेकिन आग की घटना के बाद कटौती में बढ़ोतरी हो गई है। ग्रिड की तरफ से रोज की कटौती के दिशा निर्देश जारी किए जा रहे हैं। ट्रांसफॉर्मर पर अधिक लोड होने पर कटौती बढ़ा दी जाती है। ललियाना ग्रिड स्टेशन पर लोड कम करने के लिए सिहोड़ा रिसिविंग स्टेशन को गंग्याल ग्रिड स्टेशन के साथ जोड़ दिया गया है।
ललियाना ग्रिड स्टेशन के अंतर्गत आते रिसिविंग स्टेशन से बिजली की कटौती से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। अरनिया कस्बे में सुबह और शाम को बूस्टिंग सप्लाई के जरिए लोगों को आपूर्ति की जाती है। बिजली की कटौती के कारण मुश्किल से एक समय पर बूस्टिंग सप्लाई दी जा रही है। दूसरी ओर टंकी में स्टोर पानी की सप्लाई अभी तक बहाल है। अगर कटौती बढ़ जाती है तो टंकी से सप्लाई भी प्रभावित हो जाएगी। जल शक्ति विभाग के जेई राजेश रतन ने बताया कि बिजली की कटौती के चलते अरनिया कस्बे में पानी की बूस्टिंग सप्लाई प्रभावित हो रही है। यह एक समय दी जा रही है।
ललियाना ग्रिड स्टेशन के दिशा निर्देश अनुसार बिजली की कटौती में बदलाव किया जा रहा है। आग की घटना के बाद प्रत्येक रिसिविंग स्टेशन की 6 से 7 घंटे बिजली कटौती दर्ज की गई है। बिजली विभाग द्वारा नया शेड्यूल कट जारी किया गया है। लेकिन ललियाना ग्रिड स्टेशन के अंतर्गत आते रिसीविंग स्टेशनों पर शेड्यूल कट लागू नहीं होगा। उन स्टेशनों पर पहले से ही कटौती ज्यादा हो रही है।
रिशपाल, जेई, सब ट्रांसमिशन डिवीजन द्वितीय