उप जिले की बग्गन अप्पर ए पंचायत के वार्ड एक में पिछले चार दिनों से बिजली सप्लाई न होने के कारण लोगों का गुस्सा बिजली विभाग के खिलाफ फूट पड़ा। प्रदर्शन करने वालों ने बिजली विभाग के साथ-साथ स्थानीय सरपंच के खिलाफ भी नारेबाजी की। इस दौरान कहा कि पिछले चार दिनों से वार्ड एक के लोग बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं। वार्ड में रात के समय अंधेरा होने से लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं।
उन्होंने कहा कि कई बार बिजली विभाग को बिजली की समस्या के बारे में अवगत करवा चुके हैं। लेकिन कोई भी कदम बिजली विभाग की ओर से नहीं उठाया जा रहा है। आखिर में प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा है। लोगों ने कहा कि बिजली न होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। लोगों के मोबाइल भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। इसके चलते सगे संबंधियों से संपर्क भी कट गया है। हर महीने बिजली के बिलों का भुगतान करने के बावजूद वार्ड में बिजली बहाल करने में कोताही बरती जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जल्द से जल्द वार्ड में बिजली सप्लाई सुचारू की जाए। प्रदर्शन के दौरान पवन कुमार, राकेश कुमार, छोरी लाल, रवि कुमार, रिशु सहित कई महिलाओं ने विभाग के प्रति रोष जताया।