उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी में स्थित पनबिजली परियोजना-2 में आग के बाद से 240 मेगावाट पन बिजली उत्पादन ठप पड़ा होने की वजह से जम्मू कश्मीर को सर्दियों में बिजली संकट से राहत देने के लिए केंद्र सरकार अतिरिक्त बिजली का कोटा मुहैया करवाएगी। इसके अलावा परियोजना में आग की घटना की उच्च स्तरीय जांच करवाई जा रही है और जिम्मेदारी और जवाबदेही को तय किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
जम्मू में भाजपा के ट्रेड एंड इंडस्ट्री पर विजन सेमीनार में मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लेने के बाद केंद्रीय मंत्री ने ‘अमर उजाला’ संवाददाता की ओर से पूछे गए इस संबंध में सवाल के जवाब में कहा कि 240 मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता की उड़ी दो परियोजना में पिछले सप्ताह हुई आग की घटना और पन बिजली उत्पादन ठप होने का संज्ञान लिया गया है।
गोयल का कहना है कि उच्च स्तरीय जांच के अलावा परियोजना से बिजली उत्पादन बंद होने से जम्मू कश्मीर रियासत को सर्दियों में बिजली संकट का ज्यादा सामना न करना पड़े, इसके लिए केंद्र सरकार अतिरिक्त बिजली का कोटा राज्य के लिए जारी करेगी।