संवाद न्यूज एजेंसी
पौनी । माड़ी से लेकर मता तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रही सड़क मार्ग पर पिछले पंद्रह दिन से भूस्खलन का सिलसिला जारी है। मार्ग बंद होने के कारण सोमवार को एक बीमार व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने चारपाई पर डाल उपचार के लिए पौनी प्राइमरी हेल्थ सेंटर (पीएचसी) पहुंचाया। इन लोगों को तीन घंटे पैदल चलना पड़ा।
सड़क मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों का एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाना मुश्किल हो गया है। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण वहां की दुकानों में रखा राशन भी खत्म हो चुका है। मता के लोगों ने सात दिन पहले भी प्रशासन से सड़क मार्ग ठीक करने की गुहार लगाई थी। ग्रामीणों ने कहा था कि सड़क मार्ग पर विभाग के अधिकारी ध्यान दें। सड़क मार्ग को एक जेसीबी के सहारे खोला जा रहा है जिसमें काफी समय लग सकता है।
सोमवार को स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क खराब होने के कारण बीमार हुए व्यक्ति इंदर सिंह पुत्र सूरम सिंह निवासी मता को मजबूरन गांव के लोगों ने चारपाई पर डाल कर पौनी प्राइमरी हेल्थ सेंटर पहुंचाया। लोगों को तीन घंटे पैदल चल कर सफर तय करना पड़ा। मता गांव के निवासी दलीप सिंह व बलवीर सिंह ने बताया कि विभाग के अधिकारी पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यहां के लोगों की सुनवाई नहीं करते हैं अपनी मनमर्जी से काम करते हैं।
इनको कहा गया था कि लोगों के घरों में खाने के लिए राशन खत्म हो चुका है लेकिन कोई काम नहीं किया गया। एक दिन दिखावे के लिए विभाग की तरफ से बड़ी मशीन लगाई गई थी। सड़क मार्ग को खोलने के लिए बड़ी मशीन लगाई जाए। मार्ग पर से लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो जाता है अगर यही हाल रहता है तो हम लोग विभाग के खिलाफ रियासी पौनी मार्ग बंद कर प्रदर्शन करेंगे।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से संबंधित एईई अंकुश अंगुराना ने बताया कि भूस्खलन के अगले दिन ही जेसीबी लगा कर सड़क को साफ करने का काम शुरू कर दिया था । उस के बाद एक दिन हम ने बड़ी मशीन लगा कर सड़क को चलने लायक बनाया था लेकिन फिर से सड़क पर कई जगह भूस्खलन हुआ है। मंगलवार शाम तक उम्मीद है कि सड़क को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।