लगातार रिसाव के कारण तालाब में नहीं रुक रहा पानी
ग्रामीणों ने की जीर्णोद्धार की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। बारादरी-तलवाड़ा सड़क मार्ग के महादेव मोहल्ला चौक पर नगर परिषद की सीमा समाप्त होने से कुछ मीटर की दूरी पर स्थित पंचायत सिला का तालाब दयनीय स्थिति में है। ग्रामीणों ने सरकार ने इस प्राचीन तालाब के जीर्णोद्धार की मांग की है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बजुर्गों के सामूहिक प्रयास से बनाया गया तालाब अपना अस्तित्व खोता जा रहा है। लोक निर्माण विभाग ने इसके किनारे सड़क और नाली बनाई थी। इसका मलबा गिरने से भी तालाब को काफी नुकसान पहुंचा। लगातार रिसाव के कारण तालाब में बारिश का पानी रुक नहीं पाता। इसमें मवेशियों के गिरने की भी आशंका रहती है।
तालाब के पास सड़क खराब होने के कारण लोगों के वाहन भी काफी मुश्किल से गुजरते हैं। कई बार बताने के बाद भी तालाब की स्थिति नहीं सुधारी जा सकी। इस तालाब के पास प्रशासन का बारिश को पकड़ो अभियान भी नहीं चला।
स्थानीय निवासी नसीब चंद, प्रेम कुमार, कुलदीप कुमार, विशाल शर्मा, हरिओम शर्मा, वंदना देवी, राज कुमारी, पुष्पा देवी, चैन सिंह आदि ग्रामीणों ने इस तालाब को सुधारने के लिए लोगों ने फरवरी 2024 में डिप्टी कमिश्नर को पत्र भेजा था।
तब डीसी ने ग्रामीण विकास विभाग के अतिरिक्त विकास आयुक्त को इसका संज्ञान लेने के लिए कहा था लेकिन तब से 15 महीने बीत जाने के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस कारण ग्रामीणों को तालाब का फायदा नहीं मिल सका।
वहीं, ग्रामीण विकास विभाग के जेई अंकुश शर्मा ने कहा कि वह एक-दो दिन में इस गांव का दौरा कर तालाब का निरीक्षण करेंगे। मौके पर ही लोगों के साथ भी बातचीत की जाएगी। तालाब का जीर्णोद्धार करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर विभाग के अधिकारियों को भेजा जाएगी। जितनी जल्दी संभव होगा, तालाब को सुधारने का काम शुरू होगा।