- नानक नगर से प्रतिबंधित पॉलीथिन की कर रहा था सप्लाई
- आठ जून को शक्ति नगर गोदाम में पकड़ी गई थी 2000 किग्रा पॉलीथिन
- प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड स्टेट आफिसर कार्यालय में कराया हैंडओवर
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। शहर को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए जम्मू नगर निगम की टीम ने प्रतिबंधित सिंगल यूज पॉलीथिन का कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान तेज किया है। निगम की प्रवर्तन टीम ने छह दिन के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। नानक नगर के सेक्टर-5 में किराये पर स्टोर और गली में बने घर के आंगन में दबिश देकर 78 बैग में 1940 किलोग्राम सिंगल यूज पॉलीथिन जब्त की। टीम ने आरोपी नानक नगर निवासी विकास शर्मा पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। इससे पहले आठ जून को शक्ति नगर गोदाम से निगम की प्रवर्तन टीम 2000 किग्रा पॉलीथिन जब्त कर कारोबारी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगा चुकी है।
नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शाहिद हुसैन ने बताया कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले सिंगल यूज पॉलीथिन पर केंद्र सरकार ने प्रतिबंध लगा रखा है। बावजूद इसके शहर में जगह-जगह अवैध रूप से इस पॉलीथिन का व्यापार हो रहा है। पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले व्यापारी और कारोबारी पर कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को सूचना मिली कि नानक नगर के सेक्टर-5 के एक दुकान में बड़े पैमाने पर सिंगल यूज पॉलीथिन रखी है। तुरंत निगम के एसओ इंचार्ज अरुण नायर सहित टीम के साथ छापा मारा गया। स्टोर बनाए गए दुकान और बगल गली में बने मकान के आंगन से सिंगल यूजन पॉलीथिन के कुल 78 बैग बरामद हुए। तौल कराने पर 1940 किलो सिंगल यूज पॉलीथिन निकली। इसके बाद बरामद प्रतिबंधित पॉलीथिन को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के स्टेट आफिसर के कार्यालय को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।
पंजीकृत फर्म का दस्तावेज नहीं दिखा सका
नगर निगम के प्रवर्तन टीम की छापेमारी के दौरान जब आरोपी दुकानदार विकास शर्मा से स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शाहिद हुसैन ने कारोबार करने के लिए पंजीकरण के दस्तावेज मांगे तो वह नहीं दिखा सका। उन्होंने साफ कर दिया है कि पर्यावरण और शहर की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा।
एक सप्ताह में दूसरी कार्रवाई से हड़कंप
नगर निगम की चल रही लगातार कार्रवाई से शहर के पॉलीथिन तस्करों और अवैध थोक विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। महज छह दिनों के भीतर 39 क्विंटल से ज्यादा की जब्ती और हजारों रुपये के जुर्माने ने अवैध कारोबारियों की कमर तोड़ दी है। इस एक्शन के बाद शहर के अन्य इलाकों जैसे नरवाल, पुरानी मंडी और कनक मंडी के कई बड़े स्टॉकर्स ने रातों-रात अपना माल सुरक्षित ठिकानों पर शिफ्ट करना शुरू कर दिया है।
जूट के बैग वितरित करेगा निगम
नगर निगम के कमिश्नर डा. देवांश यादव ने शहरवासियों से अपील की कि वे सिंगल यूज पॉलीथिन का प्रयोग न करें। दुकानदार, सब्जी बिक्रेताओं से लेंकर रेहड़ी फड़ी वालों को चेतावनी दी कि यदि सिंगल यूज प्रतिबंधित पॉलीथिन का प्रयोग करते मिले तो कार्रवाई की जाएगी।