पुंछ जिले में लसाना क्षेत्र में भारी भूस्खलन से बाधित पुंछ जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग
पुंछ। जिले में शनिवार को सुबह तड़के से हो रही भारी बारिश के बीच जिले की सुरनकोट तहसील में लसाना क्षेत्र में भारी भूस्खलन हो जाने से पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया। इसके चलते मार्ग पर करीब पांच घंटों तक दोनों तरफ सैकड़ों वाहनों में हजारों लोग फंसे रहे। इस बीच यातायात पुलिस और प्रशासन की तरफ से कड़े प्रयासों से पांच घंटे बाद मार्ग को एक तरफ वाहनों के लिए खोला गया। इसके बाद सर्व प्रथम पुंछ से जम्मू जाने वाले वाहनों को छोड़ा गया।
जानकारी के अनुसार तड़के पांच बजे जिले में भारी बारिश होने लगी थी। इस बीच करीब नों बजे पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लसाना क्षेत्र में भारी भूस्खलन हो गया। इससे पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा सड़क में आ गिरा। इससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। सैंकड़ों वाहन बीच रास्ते में फंस कर रह गए। इसमें कोई बड़ा हादसा पेश नहीं आया। मार्ग बंद होने की जानकारी मिलने के साथ ही यातायात पुलिस और प्रशासन के लोग घटना स्थल पर पहुंचे और दो जेसीबी मशीनें लगाकर मलबा हटाने का काम शुरू किया। इसके चलते दोपहर बाद दो बजे मार्ग को एक तरफ खोला जा सका।