अरनिया। जिला विकास परिषद चुनाव के उम्मीदवारों की संख्या बढ़ती जा रही है। हालांकि घोषणा के शुरूआती दिनों में मात्र चार महिलाओं ने मैदान में उतरने के लिए हुंकार भरी थी। अब सात महिलाओं ने मैदान में उतरने का मन बना लिया है।
हुंकार भरने वाली महिलाओं में सलेहड, पंडोरियां, चक्क राम दास, कठार, जबोवाल व अला गांव से फिलहाल एक ही महिला ने हुंकार भरी है, जबकि इसी गांव की एक अन्य उम्मीदवार ने फिलहाल स्पष्ट नहीं किया है। मगर हुंकार भरने की तैयारी में हैं। वहीं अभी तक किसी भी पार्टी ने अपने उम्मीदवार को मैदान में उतारने के लिए पत्ते नहीं खोले हैं, जबकि अंदर खाने में खासतौर से भाजपा व कांग्रेस की टिकट हासिल करने की दौड़ शुरू हो चुकी है। हालांकि मौजूदा समय में पीडीपी व नेकां का जनाधार ब्लाक में कम ही है। भले ही यहां का पूर्व विधायक नेकां की सीट पर जीत हासिल कर चुका हो, मगर अब वो भी नेकां से नाता तोड़ कर जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी का दामन थाम चुका है।
इन दोनों पार्टियों सहित अपनी पार्टी द्वारा उम्मीदवारों को मैदान में उतारने पर असमंजस बना है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव शशि शर्मा का कहना है कि हमारी पार्टी यहां पर अपना काबिल और साफ सुथरी छवि वाला उम्मीदवार उतारेगी ताकि जीत को सुनिश्चित किया जा सके।
बताते चलें कि अठारह पंचायत हल्के वाली अरनिया ब्लाक की सीट एससी महिला के लिए आरक्षित है।
--------------
डीडीसी चुनाव के लिए भाजपा ने की बैठक
रणनीति बनाने पर किया मंथन
सांबा। जिला विकास परिषद (डीडीसी) के चुनाव में अपने उमीदवार को विजयी बनाने के लिए गत शाम भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से पंगदौर क्षेत्र में एक बैठक की गई। इसमें चुनाव में विजयी पाने के बारे में मंथन किया गया। इस अवसर पर बूथ, स्तर पर कार्यकर्ताओं को तैयारी करने को कहा गया। पूर्व मंत्री डॉ. दवेंद्र मन्याल, कर्नल सोम दत्त वर्मा, सुभाष भगत, मोहिंद्र पाल बिक्का, नायब सरपंच दवेन्द्र सिंह सोनू, पार्षद विनोद सिंह, मदन चौधरी, संजीव कुमार आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे। संवाद
--------------
अखनूर और मैरा मेंदरिया के भाजपा प्रत्याशी घोषित
अखनूर। जिला विकास परिषद चुनाव के लिए अखनूर ब्लाक से भाजपा ने शारदा भाऊ को प्रत्याशी बनाया है। वहीं मैरा मेंदरिया ब्लाक के लिए पूर्व मंत्री पंडित गोविंद राम शर्मा के पुत्र सुरेश शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। भलवाल ब्राह्मण ब्लाक के लिए प्रत्याशी के चयन प्रक्रिया में विलंब होने पर प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया। कांग्रेस ने अभी तक अखनूर के तीनों ब्लाक के लिए प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। संवाद
-----------
अखनूर ब्लॉक में तीसरे दिन भी किसी ने नामांकन पत्र नहीं लिया
अखनूर। जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनाव के नामांकन पत्र के लिए अखनूर और मैरा मेंदरिया ब्लॉक के लिए प्रक्रिया में सोमवार को मैरा मेंदरिया ब्लॉक के लिए किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र नहीं लिया।
सोमवार को मैरा मेंदरिया के लिए गांव नडी वाला नवोदय विद्यालय में स्थापित कार्यालय रिटर्निंग आफिसर एवं एसडीएम चंद किशोर शर्मा से किसी ने नामांकन पत्र नहीं लिया। जबकि पंच के लिए दो लोगों ने नामांकन पत्र लिए। वहीं मेरा मेंदरिया डीडीसी चुनाव के लिए नामांकन पत्र लेने वालों की संख्या दो हो गई है। अखनूर ब्लॉक में लगातार तीसरे दिन भी किसी ने भी नामांकन पत्र नहीं लिया। अखनूर ब्लॉक की 20 पंचायतों से करीब 40 हजार मतदाता हैं। मैरा मेंदरिया ब्लॉक में 18 पंचायत हैं। इसमें करीब 30 हजार मतदाता हैं । उप जिला चौकी चौरा की दस पंचायत और मैरा मेंदरिया की आठ पंचायत हैं। नामांकन पत्र 12 नवंबर तक लेने, 13 को जांच की जाएगी और 16 नवंबर को नामांकन पत्र वापसी होगी। राज्य में पहली बार होने जा रहे डीडीसी चुनाव में लोगों को काफी उत्साह है। क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में चुनाव को लेकर सरगर्मी शुरू हो गई है।
----------------
बाड़ी ब्राह्मणा और पुरमंडल से भाजपा प्रत्याशी घोषित
बाड़ी ब्राह्मणा। भाजपा ने पहले और दूसरे चरण के डीडीसी चुनाव के उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इसमें बाड़ी ब्राह्मणा के पुरमंडल क्षेत्र से अवतार सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वहीं बाड़ी ब्राह्मणा-ए से आशा रानी और बाड़ी ब्राह्मणा-बी से आशिया चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं सोमवार को पहले और दूसरे चरण की उम्मीदवारों की सूची के लिए भाजपा द्वारा एक बैठक की गई। इसमें पार्टी के प्रदेश के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे। उनके अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह भी उनकी हर एक बात को गौर कर रहे थे। संवाद