जम्मू। दूसरे चरण के लोकसभा चुनाव में शुक्रवार कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू सीट के लिए मतदान हुआ। अर्द्धसैनिक बलों और पुलिस की मतदान केंद्रों पर कड़ी तैनाती रही। विशेषकर सीमांत क्षेत्रों में जगह-जगह सुरक्षाबलाें की मौजूदगी देखी गई। हर एक मतदान केंद्र से 100 मीटर दूर पुलिस का नाका लगा हुआ था जहां पर हर आने-जाने वाले वाहनों पर कड़ी निगरानी की जा रही थी। पुलिस के सब इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को लगातार मतदान केंद्र की रिपोर्ट देने के लिए लगाया गया था।
वहीं शहर में पुलिस की ओर से ड्रोन से भी निगरानी की गई। बता दें कि जम्मू सीट पर हुए चुनाव में सुंदरबनी, कालाकोट, सांबा, जम्मू और रियासी में करीब 40 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था ताकि मतदान में कोई खलल न पड़े। शुक्रवार को सुबह सात बजे से पहले सुरक्षाबलों ने मतदान केंद्रों को पूरी तरह से अपने घेरे में ले लिया। हर एक मतदान केंद्र पर 15 से 20 सुरक्षाबलों की तैनाती रही।